खैरागढ़। शहर के धरमपुरा स्थित देशी शराब भट्ठी के पास एक होटल में नशे की हालत में धारदार तलवार (चापड़) लहराकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को खैरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी शंभू जायसवाल ने थाना खैरागढ़ में शिकायत दर्ज कराई कि उसका होटल धरमपुरा स्थित देशी शराब भट्ठी के पास है। घटना के दौरान आरोपी सूरज रजक शराब के नशे में होटल पहुंचा और चिकन-मटन काटने में इस्तेमाल होने वाला बड़ा लोहे का धारदार चापड़ लहराते हुए अश्लील गालियां देने लगा। आरोपी ने प्रार्थी को जान से मारने की धमकी दी और चापड़ से हमला करने का प्रयास किया। होटल में मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया और आरोपी के हाथ से चापड़ छीन लिया जिससे एक बड़ी घटना टल गई। इसके बाद लोगों ने आरोपी को धक्का देकर होटल से बाहर कर दिया। इस दौरान किसी को शारीरिक चोट नहीं आई। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरोपी के घर से उसके कमरे में पलंग के नीचे छिपाकर रखा घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार चापड़ बरामद कर जब्त कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी सूरज रजक को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Loading...

