खैरागढ़। नगर के गोल बाजार में जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ श्री शिवम अरोरा ऑप्टिकल के संचालक देव अरोरा ने अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसाकर दुकान मालिक को लाखों रुपये का आर्थिक चूना लगा दिया है और अब दुकान समेट कर रफूचक्कर हो गया है। जानकारी के मुताबिक गोल बाजार स्थित सोलंकी कॉम्प्लेक्स के मालिक शकील सोलंकी की दुकान देव अरोरा ने किराए पर ली थी। शुरुआत से ही अपनी नीयत साफ नहीं रखी। तारीख दर तारीख आज-कल का बहाना बनाकर वह किराया टालता रहा। 1 अगस्त 2024 से 31 अगस्त 2025 तक की अवधि का कुल 1 लाख 32 हजार रुपये किराया बकाया है जिसे दिए बिना ही फरार हो गया है। पीड़ित द्वारा संपर्क करने की कोशिश की जा रही है लेकिन किरायेदार का फोन नंबर अब बंद आ रहा है। जानकारी अनुसार यह भी सामने आया है कि देव अरोरा मूल रूप से नेहरू नगर भिलाई का निवासी है। लेकिन उसने बड़ी चालाकी से अपने आधार कार्ड और किरायानामा (Rent Agreement) में सोलंकी कॉम्प्लेक्स खैरागढ़ का ही पता दर्ज करवाया था। जानकारों का मानना है कि यह सब एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था ताकि पकड़े जाने पर अपनी असली पहचान छिपाई जा सके। भरोसे का फायदा उठाकर किया विश्वासघात दुकान मालिक शकील सोलंकी ने बताया कि देव अरोरा ने विश्वास में लेकर दुकान ली थी लेकिन उसकी मंशा शुरू से ही किराया हड़पने की थी। लंबे समय तक टालमटोल करने के बाद अब वह अचानक गायब है। इस मामले के सामने आने के बाद गोल बाजार के अन्य व्यापारियों में भी रोष है। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसपी से की है।
Loading...

