डोंगरगढ़ - सोन कुमार सिन्हा - भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच नगर की स्वच्छता व्यवस्था संभाल रहे सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर वंचित शोषित समाज, छत्तीसगढ़ ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने सफाई कर्मियों के कार्य समय में बदलाव सहित कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।प्रदेश सचिव नरेश करसे वाल्मीकि ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि तपती सड़कों पर लंबे समय तक कार्य करने वाले सफाई कर्मी, विशेषकर महिला कर्मचारी, भीषण गर्मी और लू के कारण गंभीर स्वास्थ्य जोखिम का सामना कर रहे हैं। उन्होंने स्वच्छता कार्य को ‘देव कार्य’ बताते हुए प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया। ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं सफाई कार्य का समय बदलकर सुबह 6:00 बजे से 11:00 बजे तक किया जाए, ताकि कर्मचारियों को दोपहर की तीव्र गर्मी से बचाया जा सके। महिला सफाई कर्मियों को राहत प्रदान करते हुए उन्हें हल्के एवं छायादार क्षेत्रों में कार्य दिया जाए।bमैदानी स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए स्वच्छ पेयजल एवं ग्लूकोन-डी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे डिहाइड्रेशन से बचाव हो सके। महिला कर्मियों के सम्मान और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यस्थल के समीप शौचालय एवं विश्राम स्थल की व्यवस्था की जाए।संगठन ने अपने ज्ञापन में कहा कि सफाई कर्मचारी केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि नगर की स्वच्छता और सुंदरता की आधारशिला हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य और सम्मान की रक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है।गौरतलब है कि डोंगरगढ़ में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने आगामी दिनों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में सफाई कर्मियों की कार्य परिस्थितियों को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। इस संबंध में नगर पालिका की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।
Loading...


