खैरागढ़।धनंजय शिवारे -पश्चिम बंगाल सरकार की भाजपा मंत्री अग्निमित्रा पाल द्वारा गौमाता को लेकर दिए गए कथित बयान पर खैरागढ़ में शिवसेना जिला इकाई ने कड़ा विरोध जताया है। बयान को लेकर संगठन में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। शिवसेना जिला महासचिव पंकज साहू ने इसे करोड़ों हिंदुओं की आस्था, सनातन संस्कृति और भारतीय परंपरा का अपमान बताते हुए बयान की तीखी निंदा की है। पंकज साहू ने कहा कि भारत में गौमाता को माता का दर्जा प्राप्त है और सनातन संस्कृति में उनकी पूजा की जाती है। ऐसे में किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा इस प्रकार की टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पदों पर बैठे लोगों को धर्म और संस्कृति से जुड़े मुद्दों पर जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि गौसंरक्षण भारतीय संस्कृति की पहचान है और देश की जनता कभी भी गौमाता के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। शिवसेना जिला इकाई ने मांग की है कि संबंधित मंत्री अपने कथित बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, ताकि लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे।शिवसेना नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द माफी नहीं मांगी गई तो संगठन आगे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा।

