राजनांदगांव।सोन कुमार सिन्हा - बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा चौक में एक दिव्यांग बालक के मिलने से कुछ समय के लिए हलचल मच गई। बालक अपनी पहचान बताने में असमर्थ था, जिसके कारण उसके परिजनों का पता लगाना चुनौतीपूर्ण हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 अप्रैल 2026 को बसंतपुर पुलिस को दुर्गा चौक में एक लगभग 8 वर्षीय दिव्यांग बालक अकेले घूमता हुआ मिला। पूछताछ के दौरान वह अपना नाम और पता नहीं बता पा रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बालक को सुरक्षित थाना लाया और उसकी पहचान के लिए मोबाइल से फोटो लेकर आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान बालक की पहचान कृष्णा साहू (उम्र 8 वर्ष) के रूप में हुई। कुछ ही समय में उसकी माता श्रीमती उषा साहू, पति जगदीश साहू, निवासी बेलखेड़ा थाना बेलखेड़ा जिला जबलपुर (वर्तमान निवास लावणी भाटा, डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव) थाना पहुंचीं। बालक ने भी अपनी मां को पहचान लिया, जिससे पुष्टि हो गई। माता उषा साहू ने बताया कि वह अपने बेटे का आधार कार्ड बनवाने कलेक्ट्रेट राजनांदगांव आई थीं लेकिन नाम में त्रुटि के कारण काम नहीं हो सका। इसके बाद बच्चे की जिद पर वह उसे रानी सागर चौपाटी झूला झूलाने ले गईं। इसी दौरान बच्चा झूला झूलने के बाद पैदल कहीं निकल गया जबकि मां धूप से बचने के लिए छांव में बैठी थीं। बच्चा चलते-चलते शहर के अंदर पहुंच गया।
Loading...


