डोंगरगढ़ |सोन कुमार सिन्हा - धर्म नगरी डोंगरगढ़ इन दिनों लगातार हो रही बिजली कटौती की समस्या से जूझ रही है। भीषण गर्मी के बीच अनियमित विद्युत आपूर्ति ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। दिन हो या रात, बिना पूर्व सूचना बिजली बंद होने से लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं. गर्मी के इस दौर में पंखे, कूलर और जरूरी उपकरण बंद हो जाने से नागरिकों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। लगातार कटौती का असर व्यापार, पढ़ाई और दैनिक कार्यों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है. धार्मिक संस्था से जुड़े जितेंद्र ठाकुर ने कहा कि बिजली का बार-बार बाधित होना अब रोजमर्रा की स्थिति बन चुकी है। बिना किसी सूचना के अचानक बिजली बंद हो जाती है, जिससे लोगों के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं. वहीं भाजपा मुहावरा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दिनेश निषाद ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब उपभोक्ताओं से हर महीने नियमित बिजली बिल वसूला जा रहा है, तो बदले में निर्बाध और बेहतर सेवा मिलना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में लगातार बिजली बाधित होना विभागीय व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है. शिक्षा जगत से जुड़े रितेश सक्सेना ने कहा कि बिजली कटौती का सबसे ज्यादा असर विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। पढ़ाई और ऑनलाइन कार्य बाधित हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि समस्या के मूल कारणों की जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करें. कंप्यूटर व्यवसाय से जुड़े फिरोज सार्वा ने बताया कि बार-बार बिजली बंद और चालू होने से कंप्यूटर आधारित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे विद्यार्थियों और व्यवसाय दोनों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। नगरवासियों का कहना है कि अब केवल अस्थायी सुधार नहीं, बल्कि स्थायी समाधान की आवश्यकता है। यदि समय रहते बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो गर्मी बढ़ने के साथ लोगों की मुश्किलें और गंभीर हो सकती हैं। जनता ने विद्युत विभाग से नियमित, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
Loading...

