खैरागढ़। विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम देवरी स्थित केजऊराम चौरे स्मृति विद्या मंदिर में वार्षिक दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चारों विद्यालयों से जवाहर नवोदय विद्यालय एवं सैनिक स्कूल में चयनित छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अनुविभागीय अधिकारी (SDM) टंकेश्वर प्रसाद साहू उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पत्रकार दिनेश साहू शामिल हुए। बड़ी संख्या में अभिभावकों और ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय बना दिया। मुख्य अतिथि एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू ने चयनित विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और संस्कारों की नींव है। उन्होंने विद्यालय के उत्कृष्ट परिणामों की सराहना करते हुए कहा कि यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के कारण हर वर्ष विद्यार्थियों का चयन हो रहा है जो पूरे जिले के लिए गौरव की बात है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की रुचि को समझें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। साथ ही यह भी कहा कि आर्थिक अभाव को कभी भी शिक्षा में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षक एक माली की तरह होते हैं, जो विद्यार्थियों रूपी पौधों को सींचकर उन्हें एक सुंदर और सफल भविष्य की ओर अग्रसर करते हैं। विशिष्ट अतिथि संवादाता दिनेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक कुम्हार की भांति होते हैं जो अपनी कला और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के जीवन को आकार देते हैं। सही दिशा और परिश्रम से ही विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह उत्साह सम्मान और प्रेरणा के माहौल में संपन्न हुआ।
Loading...

