छुईखदान । अंकित महोबिया - जिले में जुआ व सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केसीजी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छुईखदान थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खेलते एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन एवं सट्टे से जुड़े साक्ष्य जब्त किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिकरीपारा निवासी अरूण मोहबे व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी के घर घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी नागेश मोहबे उर्फ अरूण (20 वर्ष), पिता बसंत मोहबे, निवासी वार्ड क्रमांक 13 टिकरीपारा, छुईखदान के कब्जे से रेडमी 9आई कंपनी का एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन (कीमत लगभग 3000 रुपये) बरामद किया गया। मोबाइल की जांच में सट्टापट्टी के अंकों के लेन-देन से संबंधित व्हाट्सएप के 69 स्क्रीनशॉट पाए गए, जिन्हें साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 113/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 व 7 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Loading...

