
खैरागढ़। ग्राम पंचायत कोहकाबोड़ में आयोजित विशेष ग्राम सभा में जिला जनगणना अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खैरागढ़ ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को जनगणना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। इस दौरान स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें ताकि जनगणना कार्य पारदर्शी और सटीक रूप से संपन्न हो सके। ग्राम सभा में सरपंच गोपाल नेताम को ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भरवाकर इसका व्यवहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे ग्रामीणों को प्रक्रिया समझने में आसानी हुई। जनहित में आयोजित इस पहल का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करना है ताकि सही आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंच सके।


