राजनांदगांव -सोन कुमार सिन्हा - रबी सीजन की दलहन एवं तिलहन फसलों के उत्पादकों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के तहत समर्थन मूल्य पर फसल विक्रय हेतु पंजीयन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कर खरीदी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिले में 15 प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों एवं एक एफपीओ के माध्यम से खरीदी की जा रही है। राज्य शासन द्वारा नाफेड के जरिए उपार्जन कार्य संपादित किया जा रहा है। शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य के अनुसार चना 5875 रुपये, मसूर 7000 रुपये और सरसों 6200 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ठाकुर के अनुसार जिले में अब तक 1451 क्विंटल फसलों की खरीदी हो चुकी है और 108 किसानों को लगभग 40 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। पंजीयन के लिए किसानों को निकटतम सहकारी समिति में भूमि दस्तावेज, आधार कार्ड और बैंक खाता विवरण के साथ उपस्थित होना होगा। पीएम-आशा योजना के तहत भुगतान एक सप्ताह के भीतर सीधे किसानों के खाते में किया जा रहा है, जिससे उन्हें मंडी दरों की तुलना में अधिक लाभ मिल रहा है।
Loading...

