खैरागढ़ । खरीफ सीजन में किसानों को नकली और अवैध कृषि आदान सामग्री से बचाने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शिकायत मिलने पर कृषि विभाग की टीम ने ईतवारी बाजार स्थित मेसर्स साहू कृषि केन्द्र पर छापा मारकर गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया। जांच में एक्सपायर्ड (अवसान हो चुके) कीटनाशकों का भंडारण और बिक्री करते हुए संचालक को मौके पर पकड़ा गया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन और उपसंचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई के दौरान यह भी पाया गया कि प्रतिष्ठान में कई कीटनाशक बिना स्रोत प्रमाण पत्र और आवश्यक अभिलेखों के रखे गए थे। साथ ही, उपभोक्ताओं के लिए मूल्य सूची भी प्रदर्शित नहीं की गई थी, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग ने मौके पर उपलब्ध कीटनाशकों को जब्त कर कृषि केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि कहीं नकली, अवैध या संदेहास्पद बीज, उर्वरक अथवा कीटनाशकों की बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कीटनाशी अधिनियम एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Loading...

