राजनांदगांव।सोन कुमार सिन्हा - राजनांदगांव जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में संचालित फर्जी “लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के जरिए युवकों से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मैरिज ब्यूरो के नाम पर युवतियों के फर्जी फोटो डाउनलोड कर नकली आईडी बनाते थे और उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से युवकों को भेजते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, पैकेज और फैमिली मीटिंग के नाम पर मोटी रकम वसूल कर धोखाधड़ी की जाती थी। अज्ञात सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को इस फर्जीवाड़े की जानकारी मिली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में जांच शुरू की गई। प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर बसंतपुर थाने में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने इस मामले में ताम्रध्वज मानिकपुरी (23), निवासी पाण्डातराई, कबीरधाम , सियाराम साहू 23 निवासी जंगलपुर कबीरधाम, श्रृष्टि गोस्वामी 21 निवासी राजनांदगांव को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो आरोपियों को कबीरधाम से और एक को राजनांदगांव से पकड़ा गया। पूछताछ में सभी ने अपराध करना स्वीकार किया है। इससे पहले इस गिरोह की संचालक नेहा पाठक और डायरेक्टर धर्मेंद्र मानिकपुरी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एमन साहू सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Loading...

