खैरागढ़। सोन कुमार सिन्हा -छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साय सरकार पर लगाए गए आरोपों का कड़ा जवाब देते हुए कहा कि जो नेता स्वयं लगातार राजनीतिक असफलताओं का सामना करता रहा हो, उसे दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपना राजनीतिक रिकॉर्ड देखना चाहिए। साहू ने कहा कि भूपेश बघेल को जनता ने पांच वर्षों तक पूर्ण बहुमत के साथ मुख्यमंत्री बनने का अवसर दिया था, लेकिन वे जनता का विश्वास बनाए रखने में सफल नहीं रहे। इसका परिणाम यह हुआ कि कांग्रेस को सत्ता से बाहर होना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि मुख्यमंत्री रहते हुए प्रशासनिक प्रभाव का सहारा नहीं मिला होता, तो संभवतः वे विधानसभा चुनाव भी नहीं जीत पाते। इसके बाद राजनांदगांव लोकसभा चुनाव में मिली हार को भी उन्होंने जनता के बदले हुए जनादेश का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद भी भूपेश बघेल केवल एक परिवार की राजनीति तक सीमित रहे। उन्हें कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया, लेकिन जिन राज्यों में उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई, वहां पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। वर्तमान में वे पंजाब के प्रभारी हैं और साहू ने दावा किया कि यदि कांग्रेस वहां भी उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ती है, तो परिणाम पहले से तय माने जा सकते हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि भूपेश बघेल का प्रभारी बने रहना भाजपा के लिए प्लस प्वाइंट है और यह चुनाव से पहले का एक तरह का एग्जिट पोल है।
NEET और PSC को लेकर भी साधा निशाना
नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर भूपेश बघेल के हमलों को आड़े हाथों लेते हुए चंदूलाल साहू ने कहा कि जिनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) भर्ती प्रक्रिया गंभीर विवादों में रही, वे आज युवाओं के भविष्य की चिंता का दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय केवल पेपर लीक ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक नियुक्तियों को लेकर भी गंभीर सवाल उठे थे। इसलिए नैतिकता के आधार पर भूपेश बघेल को पहले अपने कार्यकाल का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नीट परीक्षा से जुड़े मामलों में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, जांच एजेंसियों की सक्रियता और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए हैं। देश के युवा सरकार की प्रतिबद्धता और सुधारात्मक प्रयासों को देख रहे हैं।
पहले आईना खुद देखें
चंदूलाल साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता केवल राजनीतिक लाभ के लिए बिना तथ्यों के बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि जब कभी आईना उठाया करो, पहले खुद देखो, फिर दूसरों को दिखाया करो। उनके अनुसार कांग्रेस अपनी लगातार चुनावी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए साय सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निराधार आरोप लगा रही है। साहू ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार विकास और सुशासन के एजेंडे पर मजबूती से आगे बढ़ रही है तथा जनता का समर्थन लगातार उसे मिलता रहेगा।

