
खैरागढ़।रात की खामोशी में जब शहर धीरे-धीरे सुकून की ओर बढ़ रहा था तब एक बुजुर्ग अपनी रोज़मर्रा की आदत के मुताबिक सड़कों पर टहलने निकले थे। उन्हें क्या पता था कि यह साधारण सी सैर उनकी जिंदगी की आखिरी राह बन जाएगी। एक लापरवाह और नशे में धुत रफ्तार ने न सिर्फ एक जिंदगी छीन ली बल्कि एक परिवार को गहरे सदमे में डुबो दिया। मामला थाना खैरागढ़ क्षेत्र के वार्ड दाऊचौरा 16 में बीती रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान गैंददास सोनवानी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गैंददास सोनवानी रात करीब 10:30 बजे खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। इसी दौरान मुस्का रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि पिपरिया निवासी 21 वर्षीय हेमंत पटेल जो मुस्का की ओर से आ रहा था शराब के नशे में धुत होकर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 08 AL 3455) चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें सिविल अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.


