खैरागढ़ : सुशासन तिहार का पहला चरण जिले में सफलता के साथ संपन्न हो गया। 8 से 11 अप्रैल तक चले इस अभियान में जनता ने खुलकर भागीदारी निभाई और कुल 96,940 आवेदन प्रशासन को सौंपे। इनमें 96,129 आवेदन मांगों से जुड़े हुए थे, जबकि 811 शिकायतों के आवेदन थे।
सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं और ज़रूरतों को सीधे प्रशासन तक पहुँचाना है। गांवों से लेकर शहरों तक, पंचायतों से लेकर नगरीय निकायों तक लोगों ने सक्रियता दिखाई और अपनी बात रखी।
अब प्रशासन के सामने चुनौती है इन आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने की। इसके लिए अगला चरण जल्द शुरू होने वाला है। द्वितीय चरण में इन आवेदनों की छंटाई और निराकरण की प्रक्रिया होगी, जबकि तृतीय चरण में 5 से 31 मई तक समाधान शिविर लगाए जाएंगे।
जिला कार्यालय में नोडल अफसरों की बैठक
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में नोडल अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर चन्द्रकांत वर्मा के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने अधिकारियों से अब तक प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। जनपद सीईओ और सीएमओ को सभी आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने तय किया है कि सभी आवेदनों का समाधान तय समय सीमा में किया जाएगा और इस दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। बैठक में अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, एसडीएम रेणुका रात्रे, डिप्टी कलेक्टर अविनाश ठाकुर सहित अन्य जिला अधिकारी मौजूद रहे।

