धमतरी : जिले में चिकित्सा इतिहास का एक दुर्लभ मामला सामने आया है, जहां 30 वर्षीय महिला ने एक साथ चार स्वस्थ शिशुओं को जन्म दिया। यह घटना 15 मार्च को उपाध्याय नर्सिंग होम में घटी, जहां नगरी ब्लॉक की एक महिला ने तीन बेटियों और एक बेटे को जन्म दिया।
चिकित्सकों के अनुसार, यह समय पूर्व (प्रीमैच्योर) डिलीवरी थी, जो गर्भावस्था के 7वें महीने में ही हो गई। नवजात शिशुओं को स्पेशल न्यूबोर्न केयर यूनिट (SNCU) में सी-पैप मशीन की मदद से रखा गया है, ताकि उनकी उचित देखभाल की जा सके।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष अग्रवाल ने बताया कि जन्म के समय चारों नवजातों का वजन क्रमशः 1.5 किलोग्राम, 1.3 किलोग्राम, 1.1 किलोग्राम और 900 ग्राम था। हालांकि वजन कम होने के कारण उन्हें विशेष चिकित्सीय देखरेख में रखा गया है, लेकिन मां और बच्चे सभी स्वस्थ हैं।
लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. रोशन उपाध्याय के अनुसार, एक महिला द्वारा एक साथ चार बच्चों को जन्म देना एक असामान्य घटना है। यह आमतौर पर प्राकृतिक रूप से कम ही होता है और कई बार मेडिकल इंटरवेंशन, इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) या अन्य कारणों से मल्टीपल प्रेगनेंसी का मामला हो सकता है।

