डोंगरगढ़ – चैत्र नवरात्रि पर्व के मद्देनजर आज डोंगरगढ़ थाना परिसर में प्रशासन और पुलिस द्वारा होटल/लॉज संचालकों एवं ऑटो चालकों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एसडीएम श्री मनोज मरकाम, तहसीलदार मुकेश ठाकुर, नायब तहसीलदार कमल किशोर साहू एवं थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधाओं और शालीनता पूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करना था। इस दौरान प्रशासन ने होटल/लॉज संचालकों एवं ऑटो चालकों से सुझाव लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
1. ऑटो चालकों के लिए दिशा-निर्देश: बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से मर्यादित और सम्मानजनक व्यवहार करें। निर्धारित दरों पर ही किराया लें, अनावश्यक रूप से अधिक शुल्क न वसूलें। सवारी की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
2. होटल/लॉज एवं ढाबा संचालकों के लिए निर्देश: ठहरने वाले यात्रियों की संपूर्ण जानकारी पहचान पत्र सहित दर्ज करें। आगंतुकों का नाम, पता, आने-जाने का कारण और अन्य आवश्यक विवरण रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना थाना डोंगरगढ़ को दें। होटल/ढाबों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करें और खराब कैमरों को तत्काल ठीक करवाएं। स्वच्छता और सुरक्षा के मानकों का पालन करें ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यदि कोई ऑटो चालक, होटल/लॉज संचालक या कर्मचारी इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक दर्शन का अनुभव दिलाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।

