खैरागढ़। डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन परियोजना को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता मनोहर सेन ने भाजपा सरकार और क्षेत्र के सांसद पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वर्षों से जनता को सिर्फ घोषणाओं स्वीकृतियों और बधाइयों का "राजनीतिक पैकेज परोसा जा रहा है, जबकि धरातल पर रेल लाइन का कोई ठोस काम दिखाई नहीं देता। मनोहर सेन ने कहा कि हर साल रेल लाइन की स्वीकृति की खबर आती है हर साल सांसद महोदय को बधाइयों के पोस्टर लगाए जाते हैं सोशल मीडिया पर विकास के दावे किए जाते हैं लेकिन जनता आज भी रेल की पटरी का इंतजार कर रही है। आखिर यह स्वीकृति कागजों तक ही सीमित क्यों है? उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले सात वर्षों से डोंगरगढ़ -कटघोरा रेल लाइन के नाम पर जनता की उम्मीदों को बार-बार जगाया गया लेकिन परियोजना की वास्तविक प्रगति अब भी सवालों के घेरे में है। उनके अनुसार हर बार नई घोषणा और नए दावे किए जाते हैं लेकिन निर्माण कार्य की गति नजर नहीं आती। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि अब जनता केवल प्रचार और पोस्टर नहीं बल्कि जमीन पर विकास देखना चाहती है। यदि परियोजना वास्तव में स्वीकृत है तो केंद्र सरकार और रेलवे विभाग को स्पष्ट करना चाहिए कि निर्माण कार्य किस चरण में है कितनी राशि जारी हुई है कितनी जमीन अधिग्रहित हुई है और रेल लाइन कब तक तैयार होगी। मनोहर सेन ने कहा कि डोंगरगढ़–कटघोरा रेल लाइन केवल एक परियोजना नहीं बल्कि खैरागढ़ सहित पूरे क्षेत्र के विकास, व्यापार, शिक्षा, उद्योग और रोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जनता अब वादों और बधाइयों से नहीं बल्कि पटरी पर दौड़ती ट्रेन से विकास का प्रमाण देखना चाहती है। कांग्रेस ने सरकार से परियोजना की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने और तय समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है।
Loading...

