खैरागढ़। रंग पंचमी के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खैरागढ़ खण्ड एवं नगर के स्वयंसेवकों द्वारा रविवार को पांडादाह स्थित भगवान बलभद्र-जगन्नाथ मंदिर परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों, कार्यकर्ताओं, युवाओं और मातृशक्ति ने आपस में रंग-गुलाल लगाकर प्रेम और सौहार्द के साथ उत्साहपूर्वक होली मनाई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राजनांदगांव विभाग के सामाजिक समरसता प्रमुख विष्णु साव ने कहा कि होली का पर्व समाज को जोड़ने और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हमारे यहां त्यौहार केवल उत्सव नहीं बल्कि सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने का महापर्व होते हैं। साथ ही उन्होंने नई पीढ़ी और बच्चों को हमारी संस्कृति, संस्कार और परंपराओं से परिचित कराने की आवश्यकता पर बल दिया. कार्यक्रम के दौरान फाग गीतों और नगाड़ों की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया। पूरे परिसर में रंग, उमंग और भाईचारे का सुंदर माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर खण्ड, नगर, जिला एवं विभाग के स्वयंसेवकों के साथ विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Loading...

