डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन विस्तार को गति देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने प्रदेशभर में जिला प्रभारियों एवं सह प्रभारियों की नई नियुक्तियों की घोषणा की है। इसी क्रम में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री मोनू बहादुर को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले का प्रभारी तथा भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं वर्तमान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अशोक वर्मा को केसीजी जिला सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रदेश नेतृत्व के इस निर्णय को केसीजी जिले में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नियुक्ति की घोषणा के बाद भाजपा युवा मोर्चा और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने वाला फैसला बताते हुए प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया। अशोक वर्मा लंबे समय से भाजपा और भाजपा युवा मोर्चा के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पूर्व जिला उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई अभियानों का सफल संचालन किया है और वर्तमान में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। सामाजिक क्षेत्र में भी वे छत्तीसगढ़ लोधी समाज के पदाधिकारी के रूप में जनसेवा और समाजहित के कार्यों से जुड़े हुए हैं। नियुक्ति के बाद अशोक वर्मा ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश संगठन और युवा मोर्चा के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, युवाओं को पार्टी से जोड़ना और भाजपा की विचारधारा तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना रहेगा।
Loading...

