छुईखदान, 13 मार्च: छत्तीसगढ़ के छुईखदान ब्लॉक अंतर्गत ग्राम तेंदुभाठा में गुरुवार रात करीब 8 बजे अचानक विद्युत शॉर्ट सर्किट से तीन घरों में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पूरे प्रयास से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग विकराल रूप ले चुकी थी।
सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार, वे आग बुझाने में असमर्थ रहे और वापस लौट गए, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। इसके बाद गांव के लोगों ने बोरवेल्स के पानी से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस हादसे में दसोदा बाई (पति स्व. माखन गौड़), नीलकंठ गौड़ और ईश्वर गौड़ के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घरों में रखा खाद्यान्न और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
गांव के सरपंच, जनपद सदस्य एवं समस्त ग्रामीणों ने इस आग को बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घटना के बाद से ग्रामीणों में प्रशासन और दमकल विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।

