डोंगरगढ़। चैत्र नवरात्रि की पंचमी के शुभ अवसर पर मां बम्लेश्वरी धाम को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। बड़ी मां बम्लेश्वरी मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से अलंकृत किया जा रहा है, वहीं छोटी मां बम्लेश्वरी मंदिर में फलों की भव्य सजावट भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।
इस दिव्य सजावट के लिए कुल 650 किलोग्राम ताजे फलों का उपयोग किया जा रहा है। इनमें 230 किलो मोसम्बी, 150 किलो संतरा, 30 किलो पाइनएप्पल, 30 किलो खरबूजा, 60 किलो अंगूर और 150 किलो सेव शामिल हैं। इन सुगंधित और पोषक फलों से मंदिर का वातावरण भक्तिमय और पावन हो गया है।
सप्तमी को मिलेगा भक्तों को फलों का प्रसाद
नवरात्रि के पावन अवसर पर देवी मां के भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पंचमी की रात मंदिर की भव्य सजावट का दर्शन करने के बाद सप्तमी को इन फलों को प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा। भक्तगण इसे आशीर्वाद रूप में प्राप्त कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
हर साल चैत्र नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी धाम में हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। इस बार की फल-सज्जा और प्रसाद वितरण की अनोखी परंपरा भक्तों को आध्यात्मिक और सात्विक ऊर्जा से भर देगी।

