राजनांदगांव : जिले के एक ईमानदार ऑटो चालक ने समाज में ईमानदारी और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने लावारिस हालत में मिले एक बैग सहित लैपटॉप को बिना किसी लालच के पुलिस को सौंप दिया, जिससे गुम हुए महत्त्वपूर्ण दस्तावेज और सामान उनके असली मालिक को सुरक्षित लौटाए जा सके। दिनांक 21.03.2025 को बृजेश शर्मा पिता दादा राम शर्मा (उम्र 46 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 46, बसंतपुर, जिला राजनांदगांव) अपने लिनियों कंपनी के लैपटॉप को ठीक करवाने के लिए घर से निकले थे। शाम करीब 4:00 बजे, जिला अस्पताल के पास एक चाय दुकान पर रुकने के दौरान वे अपना लैपटॉप बैग वहीं भूलकर चले गए। थोड़ी देर बाद, सागर देवांगन (पिता स्व. दुखित राम देवांगन, उम्र 33 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 40, इंदिरा नगर, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव), जो एक ऑटो चालक हैं, को यह बैग पड़ा मिला। बैग में लैपटॉप के साथ कुछ महत्त्वपूर्ण दस्तावेज भी थे। सागर देवांगन ने बिना किसी स्वार्थ के ईमानदारी दिखाते हुए बैग को तत्काल थाना बसंतपुर में जमा कराया। थाना प्रभारी द्वारा बैग की जांच करने पर उसमें एक मोबाइल नंबर मिला, जिससे संपर्क कर बृजेश शर्मा को थाने बुलाया गया और उन्हें उनका गुम हुआ लैपटॉप और बैग सुरक्षित सौंप दिया गया। राजनांदगांव पुलिस ने ऑटो चालक सागर देवांगन की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया और आम नागरिकों से अपील की कि वे भी इसी प्रकार किसी भी लावारिस वस्तु या गुमशुदा सामान की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Loading...

