छात्र को भगाकर हुई फरार, पुलिस ने राजस्थान सीमा से किया गिरफ्तार
न्यूज़ डेस्क : सूरत में शिक्षा जगत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 23 वर्षीय महिला शिक्षक ने नाबालिग छात्र के साथ अवैध संबंध बनाकर उसे अपने साथ फरार कर लिया। शिक्षिका के गर्भवती होने का दावा करते हुए, उसने चौकाने वाला खुलासा किया कि 13 वर्षीय छात्र ही उसके होने वाले बच्चे का पिता है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और चार दिन की तलाश के बाद दोनों को राजस्थान-गुजरात सीमा पर बनासकांठा जिले से एक बस में पकड़ लिया। दोनों उस समय अपना ठिकाना बदलने की फिराक में थे। पुलिस ने महिला का मोबाइल ट्रैक कर उन्हें खोज निकाला।
शिक्षिका ने रचाई गुरु-शिष्य की गरिमा पर कालिख
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि छात्र पिछले तीन वर्षों से शिक्षक के घर ट्यूशन पढ़ने जाता था। दोनों एक ही अपार्टमेंट की अलग-अलग मंजिलों पर रहते थे, जिससे महिला को उसका शोषण करने में आसानी हुई। छात्र राजस्थान का मूल निवासी है, जबकि शिक्षिका गुजरात के मेहसाणा की रहने वाली है।
25 अप्रैल से थे लापता, 30 अप्रैल को हुई गिरफ्तारी
छात्र के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसमें स्पष्ट दिखा कि छात्र को ले जाते वक्त महिला साथ थी। इसके बाद पुलिस ने अपहरण, यौन शोषण और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया।
पुलिस का कहना है कि महिला ने अपने मोबाइल बंद कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, परंतु उसके पास मौजूद दूसरे फोन की लोकेशन से उनके ठिकाने का पता चला।

