संगठन की मजबूती और पारदर्शिता पर दिया गया विशेष जोर, जनप्रतिनिधियों का सम्मान
डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ कलार सिन्हा समाज की विशुद्ध कार्यकारिणी बैठक मंगलवार को डुण्डेरा डोंगरगढ़ के विश्राम गृह में संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य समाज में संगठनात्मक मजबूती, पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन को बढ़ावा देना था। बैठक के प्रथम सत्र में समाज के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया गया, जबकि द्वितीय सत्र में समाज के मंडलेश्वरों और पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत माता बहादुर कलारिन और भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के चित्र पर माल्यार्पण, पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। तत्पश्चात, विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया।
बैठक में जिला अध्यक्ष शिव डड़सेना ने स्वागत उद्बोधन दिया और पहली बार जिले की राजनीति में कलार समाज की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समाज के समर्पित प्रयासों से राजनीतिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि यह समाज के एकता और संघर्ष का परिणाम है।
इस अवसर पर विशेष रूप से डोंगरगढ़ जनपद अध्यक्ष श्रीमती लता सिन्हा, छुरिया जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा, राजनांदगांव जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता सिन्हा, जनपद सदस्य मनहरण सिन्हा, राजनांदगांव नगर निगम पार्षद अमृता मोहन सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैठक के दूसरे सत्र में विशुद्ध कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष शिव डड़सेना ने सभी तहसीलों के मंडलेश्वरों को निर्देश दिया कि सामाजिक नियमावली का कड़ाई से पालन किया जाए और जिला से लेकर ग्रामीण स्तर तक पारदर्शिता के साथ कार्य हो।
उन्होंने घोषणा की कि अब प्रत्येक तहसील का वार्षिक वित्तीय ऑडिट अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इस कार्य के लिए जिला कोष निरीक्षक के साथ सामंजस्य बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए। समाज के सभी वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किया.
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला संरक्षक ठाकुरराम सिन्हा, जिला महामंत्री गंगाराम सिन्हा, जिला कोषाध्यक्ष पूनम सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष सोनकुमार सिन्हा, बालकृष्ण सिन्हा, हरिचंद गजेन्द्र, महिला मंच जिला अध्यक्ष श्रीमती निर्मला सिन्हा, महामंत्री श्रीमती चंद्रा सिन्हा, कोषाध्यक्ष हंसा सिन्हा, उषा सिन्हा, दुर्गा सिन्हा, ममता सिन्हा, पुष्पा सिन्हा, चंद्रिका प्रसाद सिन्हा, रमेश सोनवानी, मंडलेश्वर नाथूराम सिन्हा, प्यारेलाल सिन्हा, मनोज सिन्हा, उत्तम सिन्हा, गजरू सिन्हा, भागवत सिन्हा, एकनाथ सिन्हा, जिला कोष निरीक्षक सुखदेव सिन्हा, जिला प्रचार मंत्री पवन कुमार सिन्हा, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रभारी गोवर्धन सिन्हा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल सिन्हा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
बैठक के समापन अवसर पर जिला अध्यक्ष शिव डड़सेना ने कहा कि समाज को संगठित और मजबूत बनाने के लिए ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा से कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण और निष्पक्षता के साथ समाज सेवा में जुटने की अपील की।
बैठक का सफल आयोजन समाज की एकजुटता, जागरूकता और उत्तरदायित्व की भावना को दर्शाता है, जिससे समाज के विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

