डोंगरगढ़ :ग्राम पंचायत जुरला खुर्द में हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर यादव समाज द्वारा पारंपरिक राउत नाचा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल शामिल हुईं। पूरे गांव में उत्सव का माहौल था और ग्रामीणों ने बाजे-गाजे के साथ विधायक का जोरदार स्वागत किया।
विधायक बघेल ने सबसे पहले भगवान राधाकृष्ण की चैलचित्र पर विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात उन्होंने गांववासियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज मुझे जो स्नेह, प्यार और आशीर्वाद मिला, उसके लिए मैं आप सभी की हृदय से आभारी हूं। यह मेरे लिए गर्व और खुशी का विषय है। आपके आशीर्वाद से ही मुझे अपने क्षेत्र की सेवा और विकास के लिए नई ऊर्जा मिलती है। इस आत्मीयता को मैं शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकती।”
उन्होंने कहा कि राउत नाचा न सिर्फ यादव समाज की पहचान है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक विरासत का एक अनमोल हिस्सा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार में पारंपरिक लोककला, नृत्य, गीत और खेलकूद को बढ़ावा देने के प्रयासों को याद करते हुए कहा कि इस विरासत को आगे ले जाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने यादव समाज के लिए 6 लाख रुपए की लागत से भवन निर्माण की सौगात भी दी, जिसे सुनकर समस्त ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।
कार्यक्रम के समापन पर विधायक ने समस्त यादव समाज और ग्रामीणजनों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि आपका प्रेम और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। आप सभी का साथ रहा, तो क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
इस आयोजन में प्रमुख रूप से श्रीमती लता बाई कृपा राम साहू, कोमल मांडले, गोरेलाल यादव, सुन्दरलाल यादव, श्रीराम यादव, रतलु राम यादव, मन्थिर साहू, ओमप्रकाश साहू, नरेश टंडन, कृपा राम साहू, अनार बाई, विनीता बाई, सुनीता बाई, सरिता साहू, लक्ष्मी रामदास कोसरे, खिलेश राजपूत, दीपक साहू, धनेश्वरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और यादव समाज के लोग उपस्थित रहे।

