छुईखदान। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कूटेलीकला में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बड़े भाई ने छोटे भाई पर टांगिया से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित युवक को आनन-फानन में परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस हरकत में आई और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कूटेलीकला निवासी पीड़ित युवक ने 12 अप्रैल को छुईखदान थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 11 अप्रैल 2025 को वह अपनी मां और चाचा के साथ घर पर मौजूद था। चाचा खाना खा रहे थे, तभी उसका बड़ा भाई घर आया और बिना किसी कारणवश गाली-गलौज करने लगा। स्थिति बिगड़ते देख मां ने आरोपी को कमरे में बंद कर दिया, लेकिन पीड़ित ने सोचा कि मामला शांत हो गया होगा और उसने दरवाजा खोल दिया।
जैसे ही दरवाजा खोला गया, आरोपी बड़े भाई ने पास रखी टांगिया से छोटे भाई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इस हमले में युवक के दोनों हाथ और घुटनों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
घटना के बाद मां, चाचा और अन्य परिजनों ने तत्काल एक प्राइवेट वाहन की मदद से घायल युवक को छुईखदान के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। हालत में सुधार होने पर 12 अप्रैल की दोपहर 12:30 बजे पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने किया मामला दर्ज, जांच जारी
छुईखदान थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी बड़े भाई के खिलाफ धारा 294, 506, 323, 324 के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। घटना की जांच प्रारंभ कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

